सहरसा। सहरसा जिला तैलिक वैश्य समाज की ओर से बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जल संरक्षण मंत्री रामचंद्र प्रसाद का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। गांधी पथ स्थित साहू समाज भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने मंत्री का फूल-मालाओं, बुके और अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं समाज के वरिष्ठ नेता नीरज गुप्ता ने की, जबकि संचालन महिषी विधानसभा के पूर्व एनडीए प्रत्याशी चंदन बागची ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि अपने समाज के बीच पहुंचकर और लोगों से मिले सम्मान से वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए समान रूप से काम कर रही है। आज वे जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें समाज के लोगों के संघर्ष और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंत्री और जनसेवक के रूप में समाज की जरूरतों के समय हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
इस दौरान समाज के लोगों ने सहरसा के चिल्ड्रेन पार्क का नाम दानवीर भामाशाह के नाम पर रखे जाने के निर्णय पर खुशी जताई। अध्यक्षीय संबोधन में नीरज गुप्ता ने इस पहल के लिए मंत्री रामचंद्र प्रसाद और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे समाज के लिए ऐतिहासिक सम्मान बताया।
पूर्व विधायक एवं जदयू जिलाध्यक्ष गूंजेश्वर साह ने कहा कि भामाशाह के नाम पर पार्क का नामकरण सहरसा के लिए गौरव की बात है। वहीं चंदन बागची ने कहा कि इससे नई पीढ़ी को दानवीर भामाशाह के त्याग, वीरता और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा में भी भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में उदय चंद्र साहू, सुबोध साहू, आर्यन साहू, देवेंद्र देव, वीरेंद्र साहू, राजीव रंजन साह, छठु साहू, शंकर साह, प्रहलाद रमन, कमल नारायण गुप्ता सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की भागीदारी रही।






