हाजीपुर/वैशाली राजनीति में विरोध जताने के कई तरीके होते हैं, लेकिन जब राजनीतिक मांगों को धर्म और आस्था से जोड़ दिया जाए तो सवाल उठना लाजिमी है। वैशाली जिले के भगवानपुर में राजद नेता और पूर्व जिला पार्षद केदार प्रसाद यादव का अनोखा प्रदर्शन इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने ईवीएम हटाने और लोकतंत्र बचाने की मांग को लेकर छठी मैया की शरण ली है।
शनिवार को केदार प्रसाद यादव अपने समर्थकों के साथ भगवानपुर से तेजस्वी घाट (कटवा पुल, बिजलिपुर घाट) के लिए दंडवत यात्रा पर निकल पड़े। उनके हाथों में बैनर था, जिस पर ईवीएम को भारत से हटाने और लोकतंत्र बचाने के लिए छठी मैया की पूजा करने की बात लिखी थी।
केदार यादव का कहना है कि भाजपा की राजनीति ईवीएम पर टिकी हुई है। जब तक ईवीएम नहीं हटेगी, तब तक लोकतंत्र सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कई रैलियां और प्रदर्शन किए गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए अब वे छठी मैया की शरण में अपनी मांग लेकर जा रहे हैं।
हालांकि, इस प्रदर्शन ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। छठ महापर्व बिहार की संस्कृति, परंपरा और करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है। यह पर्व किसी राजनीतिक दल या विचारधारा का नहीं, बल्कि लोक आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। ऐसे में ईवीएम जैसे राजनीतिक मुद्दे को छठी मैया की पूजा और धार्मिक भावनाओं से जोड़ना कितना उचित है?
क्या अब राजनीतिक विरोध के लिए आस्था के महापर्व का भी सहारा लिया जाएगा? क्या लोगों की धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक संदेश देने का माध्यम बनाना सही है? लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन क्या इसके लिए धार्मिक आस्था को राजनीति से जोड़ना जरूरी है?
इस पूरे मामले पर अब लोगों की अलग-अलग राय सामने आ सकती है। आपकी नजर में केदार यादव का यह कदम आस्था है या राजनीति? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।






