सहरसा जिले में प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों की गोलबंदी तेज हो गई है। जमीन और आजीविका बचाने को लेकर रौता पंचायत के महंत स्थान में जमीन बचाओ संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। पूर्व मुखिया अरविंद यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सैकड़ों किसानों ने शामिल होकर भूमि अधिग्रहण और सड़क के प्रस्तावित एलाइनमेंट पर विरोध जताया। बैठक में पूर्व विधायक किशोर कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किशोर कुमार ने कहा कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर उनकी खेती योग्य जमीन और आजीविका छीनना उचित नहीं है। किसानों की सहमति के बिना जमीन अधिग्रहण किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं होगा। उन्होंने सरकार से प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क के एलाइनमेंट पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से पहले सामाजिक और आर्थिक प्रभाव का निष्पक्ष सर्वेक्षण होना चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों की वास्तविक स्थिति और उनकी आजीविका का सही आकलन किया जा सके। एयरपोर्ट सिटी सहित अन्य परियोजनाओं के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सिक्स लेन सड़क के लिए जमीन लेने से बड़ी संख्या में किसान परिवार प्रभावित हो सकते हैं।
किशोर कुमार ने सुझाव दिया कि सड़क निर्माण के लिए खेती योग्य जमीन को नुकसान पहुंचाने के बजाय पुरानी सड़क के विस्तार की संभावनाओं पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि किसान ही देश के लिए अनाज पैदा करते हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर किसानों की मांगों से अवगत कराएगा। वहीं, अगले रविवार को प्रभावित पंचायतों में बैठक कर आंदोलन को व्यापक बनाने और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का फैसला लिया गया।
बैठक के आयोजक संतोष कुमार सिंह समदर्शी ने कहा कि किसान अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। पूर्व मुखिया अमरेंद्र यादव ने भी किसानों से सामूहिक संघर्ष का आह्वान किया। मौके पर सरपंच रणवीर यादव, पैक्स अध्यक्ष कुलेंदर यादव, नारायण साह सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






