नवगछिया में नशे के कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाई, हेलमेट में छिपाकर ले जा रहे थे डेढ़ करोड़ की स्मैक; मालदा के दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर। बिहार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नवगछिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से स्मैक की खेप लेकर जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर यानी स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। खास बात यह है कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए स्मैक को अपने हेलमेट के अंदर छिपाकर रखा था।

 

Sponsored Advertisement

पुलिस के अनुसार, नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर नारायणपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर मकंदपुर चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई 1.126 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई।

 

मौके से पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र निवासी रूहुल मोमिन और अजीज मोमिन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मालदा से स्मैक की खेप लेकर खगड़िया जा रहे थे और इसके लिए नवगछिया के रास्ते का इस्तेमाल कर रहे थे।

 

इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 396/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

 

नवगछिया पुलिस के मुताबिक, पिछले पांच महीनों में नशे के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 4 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई है और 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन भी किया गया है।

 

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और मालदा से खगड़िया तक फैले तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। जांच के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े कई अन्य नाम सामने आने की संभावना है।

Related Posts

वैशाली के सराय हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रबोधी गांव के पोखर से बरामद हुआ विवेक उर्फ टिंकू का शव, कई दिनों से तलाश में जुटी थी पुलिस

वैशाली के सराय हत्याकांड में बड़ा खुलासा, प्रबोधी गांव के पोखर से बरामद हुआ विवेक उर्फ टिंकू का शव, कई दिनों से तलाश में जुटी थी पुलिस

छठ पर्व पर सहरसा में आंध्र प्रदेश और बंगाल के केले की बढ़ी मांग, पिछले साल के मुकाबले 50% तक महंगा हुआ केला

छठ पर्व पर सहरसा में आंध्र प्रदेश और बंगाल के केले की बढ़ी मांग, पिछले साल के मुकाबले 50% तक महंगा हुआ केला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *