
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में हुए विवेक उर्फ टिंकू हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। कई दिनों से लापता टिंकू का शव प्रबोधी गांव स्थित एक पोखर से बरामद किया गया है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, शव मिलने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले कई दिनों से विवेक उर्फ टिंकू की तलाश कर रही थी। इस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया था कि टिंकू को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई और इसके बाद शव को गायब कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, अपराधियों ने टिंकू को लगातार तीन गोलियां मारी थीं। हालांकि, हत्या के बाद शव का कोई सुराग नहीं मिलने से पुलिस के सामने मामले को सुलझाने की चुनौती बनी हुई थी।
अब प्रबोधी गांव के पोखर से शव बरामद होने के बाद हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। शव की हालत काफी क्षत-विक्षत बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची है, जो वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस शव की बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोग हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टिंकू की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और शव को पोखर में कब फेंका गया। साथ ही इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शव मिलने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।





