
ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ट्रेन संख्या 15284 के जनरल कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में मिला। वह कोच में सीट के नीचे पड़ा हुआ था। उसकी हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ है। हालांकि, नशा देकर लूटपाट किए जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गनीमत रही कि एक जागरूक यात्री की सूचना पर रेलवे प्रशासन हरकत में आया और अचेत व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया।
मामला 11 नवंबर का है। जानकारी के अनुसार, कटिहार जिले के सेमापुर निवासी रजनीकांत राजा ट्रेन संख्या 15284 के जनरल कोच नंबर EC 074759/C में मानसी से सहरसा तक यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने उन्हें बताया कि एक व्यक्ति सीट के नीचे बेसुध पड़ा है। आशंका जताई गई कि वह व्यक्ति जयनगर से ही ट्रेन में सफर कर रहा था।
व्यक्ति की हालत देखकर रजनीकांत राजा ने बिना देर किए रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 2026111105905 मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सहरसा सक्रिय हो गया। सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पांडेय को इसकी सूचना दी गई।
जैसे ही ट्रेन सहरसा स्टेशन पहुंची, RPF की टीम संबंधित जनरल कोच में पहुंची। मौके पर सहरसा रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम और ड्यूटी पर तैनात टीटीई अजीत कुमार झा भी मौजूद थे। टीम ने अचेत व्यक्ति को ट्रेन से नीचे उतारा और उसकी हालत को देखते हुए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।
सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पांडेय खुद अचेत व्यक्ति को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी देखरेख के लिए RPF का एक जवान भी अस्पताल में तैनात किया गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वह व्यक्ति ट्रेन में इस हालत में कैसे पहुंचा? क्या वह नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब व्यक्ति के होश में आने और जांच के बाद ही मिल सकेगा।
खास अपील: अचेत अवस्था में मिले इस व्यक्ति के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। इस वजह से अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और न ही उसके परिजनों से संपर्क हो पाया है। यदि कोई व्यक्ति इस शख्स को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो कृपया उसके परिजनों को तत्काल सूचित करें और उन्हें सदर अस्पताल सहरसा पहुंचने के लिए कहें, ताकि इलाज के दौरान उसकी उचित देखभाल हो सके और परिवार के लोग उसके पास पहुंच सकें। आपकी एक छोटी-सी पहल किसी परिवार को उसके अपनों से मिला सकती है।





