गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत मालचौर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत बन रहे विवाह भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण कार्य के एवज में ढाई लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने बीजेपी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुशवाहा समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति के आवेदन पर दर्ज किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति ने आरोप लगाया है कि बीते 6 नवंबर को वह पंचायत के मालचौर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में भानपुर गांव निवासी संतोष कुशवाहा और दो अन्य लोगों ने उनकी बाइक रोक दी। आरोप है कि विवाह भवन का निर्माण कराने के एवज में उनसे पांच प्रतिशत कमीशन की मांग की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर कर बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री को आवेदन भी सौंपा था, ताकि निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की जा सके।
वहीं, इस मामले में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने मुखिया प्रतिनिधि से केवल विवाह भवन का स्थल बदलने की मांग की थी। ग्रामीण चाहते थे कि विवाह भवन का निर्माण पंचायत सरकार भवन के समीप कराया जाए, जबकि मुखिया प्रतिनिधि इसे मालचौर स्कूल के बगल में बनवाना चाहते थे। इसी विवाद को लेकर ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री को पत्र भेजा गया था।
फिलहाल भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने मुखिया प्रतिनिधि के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रंगदारी मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और विवाह भवन निर्माण स्थल को लेकर विवाद की वास्तविक वजह क्या है।





