कोणार्क और देव से भी खास है सहरसा का कन्दाहा सूर्य मंदिर, विकास की जगी उम्मीद; पर्यटन विभाग ने मांगा प्रस्ताव

बिहार के सहरसा जिले के कन्दाहा गांव में स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विशेषताओं के लिए बेहद खास है। मान्यताओं और शास्त्रीय उल्लेखों के अनुसार, इस मंदिर का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब से जुड़ा है। कहा जाता है कि साम्ब ने यहां बारह राशियों में सूर्य की स्थापना कराई थी। मंदिर में पहली राशि मेष के साथ सूर्य की विशिष्ट प्रतिमा स्थापित है। इसके बावजूद यह ऐतिहासिक धरोहर आज भी अपेक्षित पहचान और विकास की बाट जोह रही है।

 

Sponsored Advertisement

कन्दाहा सूर्य मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित सूर्य प्रतिमा, बारह राशियों की कलाकृतियां और सूर्य यंत्र हैं। मान्यता है कि वैशाख महीने में सूर्य के मेष राशि में प्रवेश करने पर उनकी पहली किरण सीधे सूर्य प्रतिमा और उनके रथ पर पड़ती है। मंदिर परिसर में अष्टभुजी गणेश, भगवान शिव तथा सूर्य देव की दोनों पत्नियों संज्ञा और छाया की प्रतिमाएं भी मौजूद हैं।

 

ऐतिहासिक मान्यताओं के मुताबिक, वर्ष 1334 ईस्वी में इनवार वंश के राजा भवदेव सिंह ने इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। मंदिर परिसर में एक प्राचीन कुआं भी है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में चर्म रोग और सफेद दाग से मुक्ति की धार्मिक मान्यता प्रचलित है।

 

**विकास को लेकर विभाग ने मांगा प्रस्ताव**

 

कन्दाहा सूर्य मंदिर के विकास को लेकर सहरसा की कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि कन्दाहा सूर्य मंदिर सहरसा का प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल है। विभाग की ओर से इसे सुरक्षित घोषित साइट भी माना गया है। यहां स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से श्रद्धालु छठ महापर्व मनाने पहुंचते हैं। इस मंदिर का अपना अलग ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है।

 

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से भी कुछ कार्य कराए गए हैं। वहीं, कला एवं संस्कृति विभाग को उच्च स्तर से निर्देश मिला है कि मंदिर में संभावित विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए। विभाग इस दिशा में काम कर रहा है और जल्द ही इस पर निर्णय होने की उम्मीद है। इससे मंदिर के बेहतर विकास और पर्यटन सुविधाओं का रास्ता खुल सकता है।

 

**सूर्य महोत्सव आयोजित करने के लिए भी पत्राचार**

 

स्नेहा झा ने बताया कि कन्दाहा सूर्य मंदिर में उत्सव आयोजित करने को लेकर भी विभाग की ओर से पत्राचार किया गया है। अब इस पर उच्च स्तर से मिलने वाले निर्णय का इंतजार है।

 

ऐसे में उम्मीद जगी है कि सरकारी पहल से कन्दाहा सूर्य मंदिर को नई पहचान मिलेगी और यह ऐतिहासिक धरोहर बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी जगह बना सकेगी।

Related Posts

सहरसा में अपराध की दो घटनाओं से मचा हड़कंप, एक युवक को मारी गोली तो दूसरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पुलिस जांच में जुटी

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सहरसा जिले में पिछले दो दिनों के भीतर मारपीट और गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला…

सहरसा में धूमधाम से मना भगवान चित्रगुप्त का पूजनोत्सव, कलम-दवात की पूजा के साथ मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

सहरसा के नया बाजार स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में बुधवार को श्री चित्रगुप्त कल्याण समिति के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त का वार्षिक पूजनोत्सव पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *