लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुल्तानगंज के प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम स्थित उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच बिहार और झारखंड के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने और पवित्र गंगाजल लेने के लिए अजगैविनाथ धाम पहुंच रहे हैं। सुबह से ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, जिसमें महिलाओं की संख्या काफी अधिक देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि छठ पूजा 13 नवंबर से शुरू होनी है। ऐसे में श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पवित्र गंगाजल अपने साथ ले जा रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार छठ पूजा के दौरान घरों की शुद्धि, पूजा-पाठ और प्रसाद तैयार करने में गंगाजल का विशेष महत्व होता है। इसी आस्था के कारण अजगैविनाथ धाम में दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा गंगा घाट पर बैरिकेडिंग और नाव की व्यवस्था की गई है। वहीं, अंचलाधिकारी के निर्देश पर घाट पर एनडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में गंगा घाट और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा बलों एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
छठ महापर्व को लेकर अजगैविनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। आस्था, विश्वास और परंपरा के इस संगम में श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।





