सहरसा। बिहार के सहरसा में धार्मिक आस्था से जुड़े एक मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। व्यवहार न्यायालय परिसर के सामने स्थित प्राचीन बरगद के पेड़ के नीचे स्थापित एवं प्राण प्रतिष्ठित बजरंगबली की प्रतिमा को तालाब में फेंकने का मामला सामने आया है। इसके साथ ही धार्मिक ध्वज को उखाड़कर तीन टुकड़ों में फेंकने और विरोध करने वाले संत एवं पुजारी के साथ कथित दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित एडीएम समेत दोषी पदाधिकारियों के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि छठ घाट के सौंदर्यीकरण के नाम पर प्राण प्रतिष्ठित बजरंगबली की प्रतिमा और धार्मिक ध्वज को अपमानजनक तरीके से हटाकर तालाब में फेंक दिया गया। जब संत और पुजारी ने इसका विरोध किया तो उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, उन्हें धक्का देकर वहां से हटाने और जेल में डालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
विहिप जिला मंत्री प्रणव मिश्रा और बजरंग दल जिला संयोजक मानस मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग तत्काल सुरक्षित कराने पर जोर दिया, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और निष्पक्ष जांच हो सके।
साथ ही मांग की गई कि भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल, प्रतिमा या धार्मिक प्रतीक को हटाने से पहले संबंधित श्रद्धालुओं और धार्मिक प्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाए।
इस दौरान रोहित कुमार, शशि यादव, पंकज कुमार यादव, शुभम आनंद, अर्पित रंजन, मृत्युंजय कुमार झा, निर्भय कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में त्वरित और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में प्रशासन की जवाबदेही तय होनी चाहिए।





