मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर गांव में देश के दूसरे सबसे बड़े दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छोटी दीपावली यानी 7 नवंबर को गंगा किनारे 11 लाख 11 हजार 101 मिट्टी के दीप एक साथ जलाए जाएंगे। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहला दीप प्रज्वलित कर करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा से लेकर स्वागत तक की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के हाथों पहला दीप जलते ही स्वयंसेवक लाखों दीपों को रोशन करने में जुट जाएंगे।
दरअसल, कल्याणपुर गांव में पिछले नौ वर्षों से दीपोत्सव की परंपरा चली आ रही है। वर्ष 2019 में यूथ क्लब के सदस्यों ने 51 हजार दीप जलाकर इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद हर साल दीपों की संख्या बढ़ती गई। वर्ष 2025 में नौ लाख दीप जलाए गए थे। अब 2026 में 11 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
कल्याणपुर यूथ क्लब के सदस्य विवेक दुबे के मुताबिक, यह आयोजन पूरे गांव की सामूहिक मेहनत और एकता का परिणाम है। दीप सजाने, तेल भरने और बाती लगाने के लिए युवाओं की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
इस बार दीपोत्सव के साथ गंगा तट पर 101 नावों के माध्यम से भव्य महाआरती भी होगी। वहीं, सैकड़ों रॉकेट के जरिए आसमान में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का दृश्य प्रदर्शित किया जाएगा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी आयोजन का आकर्षण बढ़ाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए एक और खास व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम का इंटरनेट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस आयोजन को देख सकें।
दीपोत्सव का मुख्य केंद्र बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर रहेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन से कल्याणपुर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। अब सबकी नजरें 7 नवंबर की शाम पर टिकी हैं, जब लाखों दीपों की रोशनी से गंगा किनारा जगमगा उठेगा।






