पटना: बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी राजनीतिक गतिविधियां नहीं, बल्कि 30 साल पुरानी दोस्ती है। दरअसल, अनंत सिंह सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ प्रयागराज पहुंचे थे। हालांकि, वाराणसी में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया और केवल पांच गाड़ियों को आगे जाने की अनुमति दी। इसके बाद अनंत सिंह ने बीएचयू के सिंहद्वार पर महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम रद्द कर दिया और सीधे प्रयागराज रवाना हो गए।
प्रयागराज पहुंचकर अनंत सिंह अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान से मिले। यहां सूबेदारगंज स्थित खेलगांव में उनके बेटे एहराज के निकाह के बाद आयोजित दावत-ए-वलीमा में उन्होंने शिरकत की। इस दौरान पप्पू सलमान ने अनंत सिंह को चांदी का मुकुट पहनाकर भव्य स्वागत किया।
कौन हैं पप्पू सलमान?
पप्पू सलमान का असली नाम सलमान अहमद है। वे प्रयागराज के रसूखदार किसान और समाजवादी पार्टी के स्थापना काल से जुड़े नेता हैं। वर्तमान में वे सपा के गंगापार जिले के उपाध्यक्ष हैं।
घोड़ों के शौक ने कराई दोस्ती
अनंत सिंह और पप्पू सलमान की दोस्ती करीब 30 साल पुरानी है। दोनों की पहली मुलाकात आरा के जय सिंह ने कराई थी। राजनीति के बजाय घोड़ों के प्रति दोनों का शौक उनकी दोस्ती की वजह बना। घोड़ों की खरीद-बिक्री, रेस और रखरखाव ने दोनों को करीब ला दिया। अनंत सिंह के अस्तबल में 8 से 9 घोड़े हैं, जिनमें लाडला काफी मशहूर है। वहीं, पप्पू सलमान के पास भी चार शानदार घोड़े हैं।
बेटी की शादी का दिया न्योता
इस मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने अपने दोस्त को 25 नवंबर को होने वाली अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी का निमंत्रण दिया। शादी बिहार के पैतृक गांव नदवां में होनी है। अनंत सिंह ने पप्पू सलमान को शादी में शामिल होने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि बेटी की शादी संपन्न होने के बाद अनंत सिंह कोर्ट में सरेंडर करेंगे। इस तरह प्रयागराज का यह दौरा दोस्ती और पारिवारिक रिश्तों को लेकर खूब चर्चा में है।






