पटना/अररिया: जिस मां ने बेटे को जन्म देकर उसे पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी मां की हत्या का आरोप उसके बेटे पर लगा है। अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के बोरिया गांव में घरेलू विवाद के दौरान यह दर्दनाक घटना सामने आई है। बहू को बचाने पहुंची 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। मृतका की पहचान भंगिया देवी, पति स्वर्गीय जागेश्वर तत्तमा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात आरोपी माणिक चंद उर्फ भुट्टन शराब पीकर घर पहुंचा था। इसके बाद वह अपनी पहली पत्नी प्रमिला देवी के साथ मारपीट करने लगा। बहू को बचाने के लिए उसकी बुजुर्ग मां बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने मां के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं।
परिजन आनन-फानन में उन्हें जोकीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि आरोपी की दूसरी शादी खिरदा गांव की अनिता देवी से हुई थी। इसके बाद से ही परिवार में विवाद चल रहा था। पहली पत्नी प्रमिला देवी के चार बेटे और एक बेटी हैं। वह ईंट-भट्ठे पर खाना बनाने का काम कर बच्चों का भरण-पोषण करती हैं। उनका आरोप है कि पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था और बच्चों के खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता था।
मृतका की बेटी ललिता देवी ने भी भाई पर मां और पहली पत्नी को प्रताड़ित करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी अपनी दूसरी पत्नी के साथ फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक, अनिता अपनी दो बच्चियों को भी साथ लेकर चली गई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पहली पत्नी प्रमिला देवी के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






