बक्सर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो और मिक्सर मशीन ट्रक की टक्कर में दो की मौत, तीन गंभीर

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में पटना-बक्सर फोरलेन पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी मिक्सर मशीन वाले ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पटना की ओर से बक्सर जा रही थी। इसी दौरान नुआंव गांव के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी मिक्सर मशीन वाले ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर बिखरे प्रसाद और अन्य पूजा सामग्री से अंदाजा लगाया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी पांच लोग बाबा धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद लखनऊ स्थित अपने घर लौट रहे थे।

Sponsored Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया। एक घायल का इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है।

चालक को नींद आने से हादसे की आशंका

घटनास्थल पर पहुंचे डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चालक को नींद आने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़ी मिक्सर गाड़ी से टकरा गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया भी जारी है।

नौ महीने में 112 लोगों की गई जान

गौरतलब है कि बक्सर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। जनवरी से सितंबर तक जिले में 700 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में नौ महीने के भीतर 112 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

Related Posts

बाल विवाह के खिलाफ एकजुट हुए लोग, बुनियाद केंद्र में दिलाई गई शपथ

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को बुनियाद केंद्र, कहरा सदर, सहरसा में जागरूकता एवं शपथ…

नशा मुक्त कोशी अभियान को बड़ी सफलता: एक सप्ताह में 1788 लीटर शराब बरामद, 84 तस्कर गिरफ्तार

सहरसा कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा के नेतृत्व…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *