धनबाद टुंडी के जंगलों में 30 हाथियों का डेरा, वन विभाग अलर्ट; ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

धनबाद जिले के टुंडी क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जंगलों में हाथियों के एक बड़े झुंड की मौजूदगी के कारण विभाग लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 

Sponsored Advertisement

जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) विकास पालीवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले गिरिडीह क्षेत्र से करीब 25 से 30 हाथियों का झुंड टुंडी के जंगलों में पहुंचा है। वर्तमान में यह झुंड टुंडी के ऋषिभीटा क्षेत्र के वन क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष हाथियों का यह दल टुंडी और तोपचांची के जंगलों में आता है और कई सप्ताह तक यहां रहता है।

 

वन विभाग के अनुसार हाथियों के गांवों की ओर बढ़ने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। हालांकि ऐसे मामलों में राज्य सरकार की ओर से प्रभावित किसानों को 10 से 15 दिनों के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। विभाग लगातार नुकसान का आकलन कर राहत पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज कर रहा है।

 

डीएफओ ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त कर रही है। साथ ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। किसी भी गांव से हाथियों की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह देती है।

 

ग्रामीणों और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का भी संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी तुरंत साझा की जाती है। इसके अलावा हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश से रोकने के लिए लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र में फेंसिंग का कार्य भी कराया जा रहा है।

 

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाने, उन्हें छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें। किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी विभाग या प्रशासन को दें। विभाग का मानना है कि जनसहयोग और सतर्कता से मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।

संवाददाता : नीतीश कुमार

स्थान : धनबाद

  • Related Posts

    सहरसा में 306 ग्राम स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार, 2.11 लाख रुपये नकद समेत कई दस्तावेज बरामद

    सहरसा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर…

    पीरपैंती में बीमारी से 18 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

    भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा गांव में बीमारी से 18 वर्षीय नवविवाहिता नंदनी कुमारी की मौत हो गई। मृतका की पहचान टोपरा निवासी जुगेश राय की पत्नी के रूप…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *