मधुबनी में खाकी पर दाग! गलत नीयत से घर में घुसे ASI ने की अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

बिहार के मधुबनी में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में तैनात एक एएसआई पर गलत नीयत से एक घर में घुसने और पकड़े जाने के डर से अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप है। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। आरोपी एएसआई वारदात को अंजाम देने के बाद फरार है।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय अशोक यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की देर रात आरोपी एएसआई बलिराजगढ़ गांव स्थित एक घर में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसका गांव की एक महिला से अवैध संबंध था और इसी वजह से वह अक्सर गांव आता-जाता था। सोमवार की रात जब वह घर के अंदर था, तभी स्थानीय लोगों को इसकी भनक लग गई। पड़ोस की एक महिला ने साहस दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।

Sponsored Advertisement

आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। खुद को घिरा देखकर आरोपी एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली और खिड़की से बाहर खड़े लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान करीब पांच राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

गोलीबारी में अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फूलो देवी के पेट में, विजेंद्र यादव के गले में और धनिक लाल यादव के पैर में गोली लगी। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से जानकारी ली। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

एसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फरार एएसआई की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Posts

बेगूसराय में 31 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा

बेगूसराय में 31 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा

सीवान में दोस्त के साथ बाजार जा रहे युवक को मारी गोली, सीने में लगी गोली; पटना रेफर

सीवान में दोस्त के साथ बाजार जा रहे युवक को मारी गोली, सीने में लगी गोली; पटना रेफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *