हाजीपुर, वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव में संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नशे के कारोबार से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 119.29 ग्राम मादक पदार्थ के साथ 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल गांव स्थित बगुलिया गाछी में मध्य निषेध विभाग, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार, उनके पिता पवन ठाकुर और नीरज कुमार की पत्नी भानु कुमारी के रूप में हुई है। तीनों माइल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान टीम को अलग-अलग डिब्बों में रखे मादक पदार्थ के कुल नौ पैकेट मिले। इनमें छोटे डिब्बे से तीन और बड़े डिब्बे से छह पैकेट बरामद किए गए। जांच के दौरान इनका कुल वजन 119.29 ग्राम पाया गया। इसके अलावा मौके से 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
इस बड़ी बरामदगी के बाद जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसकी खरीद-बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वहीं, बरामद लाखों रुपये की नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मादक पदार्थ और नकदी को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। बिदुपुर में हुई इस संयुक्त कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।





