गोपालगंज में इंस्टाग्राम के प्यार ने उजाड़ा सुहाग! प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र में रामपुकार भगत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम-प्रसंग इस हत्या की वजह बना। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी रितु देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसका कथित प्रेमी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस पूछताछ में रितु देवी ने बताया कि उसकी पहचान एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। आरोप है कि युवक ने रितु के पति रामपुकार भगत से भी दोस्ती कर ली और उसके घर आने-जाने लगा। पुलिस के अनुसार, प्रेमी रितु पर पति को रास्ते से हटाने और उसके साथ भागने का दबाव बना रहा था।

Sponsored Advertisement

जांच में सामने आया है कि वारदात की रात प्रेमी ने शराब पीने के बहाने रामपुकार को लखरांव बाग से तिवारी चकिया जाने वाले रास्ते पर नहर के पास बुलाया। वहां शराब पीने के बाद जब रामपुकार नशे में बेसुध हो गया, तो कथित तौर पर प्रेमी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस का दावा है कि इस साजिश की जानकारी रितु देवी को पहले से थी। उसे शव छिपाए जाने की जगह की भी जानकारी थी।

बताया जाता है कि मीरगंज के छाप गांव निवासी रामपुकार सोमवार को घर से निकला था। मंगलवार शाम उसका शव नहर किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ था। इसके बाद मृतक की बहन तारा देवी ने भोरे थाने में अपनी भाभी रितु देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की शिकायत दर्ज कराई थी।

इसके बाद पुलिस ने रितु देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Posts

सहरसा में कोसी नदी में तैरता मिला 21 वर्षीय युवक का शव, कपड़ा बेचने निकला था घर से; मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर फेकराही के समीप कोसी नदी में एक 21 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव…

सहरसा जिला प्रधान शिक्षक संघ की नई कार्यसमिति गठित, मंजर इमाम बने अध्यक्ष; 23 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन

सहरसा जिला प्रधान शिक्षक संघ की नई कार्यसमिति का गठन रविवार, 1 नवंबर को किया गया। जिला निर्वाचन समिति ने कार्यसमिति के सदस्यों एवं विभिन्न सांगठनिक पदों पर निर्वाचित अभ्यर्थियों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *