भोजपुर के आरा शहर के बाबू बाजार में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे लोगों ने अनूठा विरोध जताते हुए सड़क किनारे जनप्रतिनिधियों के पोस्टर लगा दिए हैं। इन पोस्टरों के जरिए नगर निगम से लेकर सांसद और स्थानीय विधायक तक पर व्यंग्यात्मक निशाना साधा गया है।
दरअसल, बाबू बाजार की सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ फैला हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी और मेडिकल अस्पताल जाने वाले मरीज गुजरते हैं। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चे और अभिभावक फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं बाइक और साइकिल सवारों को भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विरोध में लगाए गए पोस्टरों पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष पांडे, महापौर इंदु देवी, सांसद सुदामा प्रसाद और मंत्री सह स्थानीय विधायक संजय सिंह टाइगर पर तंज कसा गया है। पोस्टरों में किसी ने जिम्मेदारी से दूरी बनाने तो किसी ने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देने को लेकर व्यंग्य किया है।
स्थानीय निवासी अमरेंद्र कुमार का कहना है कि कई बार शिकायत करने और मीडिया के माध्यम से समस्या उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं जनप्रतिनिधि धर्मेंद्र ने बताया कि बाबू बाजार की सड़क पिछले 20 से 25 वर्षों से बदहाल है। पिछले 10 से 12 वर्षों में दो से तीन बार सड़क का निर्माण हुआ, लेकिन जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। पिछले करीब एक साल से निर्माण कार्य चलने के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दशहरा के दौरान सड़क पर मिट्टी डाली गई थी, लेकिन बारिश के बाद वही मिट्टी कीचड़ में बदल गई। इसका असर बाजार के कारोबार पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
फिलहाल, बाबू बाजार में लगे ये पोस्टर जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि लोगों की परेशानी दूर करने के लिए जिम्मेदार विभाग कब तक ठोस कदम उठाता है।






