समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन गोलीबारी और हत्या की घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला सरायरंजन थाना क्षेत्र के वरुना गांव के पास का है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने महिला पंच के पति किसान सुबोध राय की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ बम विस्फोट किए जाने की भी बात सामने आई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम किसान सुबोध राय को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें जिंदा समझकर आनन-फानन में समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बम विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक सुबोध राय का गांव या आसपास के लोगों से कोई पुराना विवाद नहीं था। अचानक हुई इस हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा देने की मांग की है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना की पुलिस के साथ सदर डीएसपी-1 सतीश कुमार सुमन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है। घटनास्थल पर एफएसएल और डीआईयू की टीम को भेजकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सदर डीएसपी सतीश कुमार सुमन ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।






