पलामू, झारखंड। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) किशोर कौशल ने सतबरवा थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, पुलिस प्रशासन से जुड़ी व्यवस्थाओं और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान DIG किशोर कौशल ने थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों और पंजीयों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान कई अभिलेख और पंजी अद्यतन स्थिति में नहीं पाए गए। इस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक प्रविष्टियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी अभिलेखों और पंजीयों को एक सप्ताह के भीतर अद्यतन किया जाए, ताकि थाना स्तर पर होने वाले कार्यों का सही तरीके से संधारण हो सके।
DIG ने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता और जवाबदेही के साथ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए प्रशासनिक व्यवस्था का दुरुस्त रहना जरूरी है। थाना स्तर पर अभिलेखों का नियमित संधारण और कार्यों की समयबद्ध समीक्षा पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने और पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कार्यों में गंभीरता बरतने तथा अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर एसडीपीओ सदर पलामू राजेश यादव, सतबरवा थाना प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार सहित थाना में पदस्थापित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। DIG के इस निरीक्षण को थाना की प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा और पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लोकेशन – पलामू, झारखंड
संवाददाता – सत्यम शुक्ला








