बिहार के भोजपुर जिले के आरा में अपराधियों ने एक हार्डवेयर दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शनिवार की अहले सुबह नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड स्थित मंदिर के समीप पुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि दुकानदार अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव निवासी स्वर्गीय बैजू सिंह के 36 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। उनके पिता सेना से सेवानिवृत्त थे। उपेंद्र कुमार सिंह आरा शहर के वार्ड संख्या 44 स्थित गौतम बुद्ध नगर, गोढ़ना में रहते थे। न्यू बहिरो में उनकी अपनी जमीन पर हार्डवेयर की दुकान सह मकान है।
जानकारी के अनुसार, उपेंद्र कुमार सिंह शनिवार की सुबह पटना जिले के पालीगंज स्थित अपने ससुराल से आरा लौटे थे। इसके बाद वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गए। बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस घर लौटने के दौरान गोढ़ना रोड स्थित मंदिर के समीप पुल के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन समेत कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों की पहचान कब तक होती है और हत्या की असली वजह क्या सामने आती है।






