जहानाबाद: समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और बिहार के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘नई सृष्टि’ संस्था ने जागरूकता सह प्रसार कार्यक्रम की शुरुआत की। शहर के कोर्ट एरिया स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद् अशोक प्रियदर्शी ने किया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जागरूकता को विकास का प्रमुख आधार बताया गया।
संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कला-संस्कृति, साहित्य, संगीत, खेल, पर्यटन, पर्यावरण, मीडिया और कानून सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करेगी। इसका उद्देश्य लोगों को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना, रोजगार के अवसर तलाशना और जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास करना है।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के डीपीओ राजेश कुमार ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। वहीं, द विंग्स फाउंडेशन के संतोष शर्मा ने कहा कि किसी भी सामाजिक पहल की सफलता के लिए निष्ठा और समर्पण जरूरी है। शिक्षा के प्रसार से समाज में जागरूकता बढ़ती है और रोजगार के नए रास्ते खुलते हैं।
व्यवसायी नीतीश कुमार ने रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया। पटना हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता संजय भारती ने जरूरतमंदों को कानूनी सलाह देने और मुकदमों में निशुल्क सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम में कला और संस्कृति की भी आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। गायक एवं गजलकार नवनीत कृष्ण और वरिष्ठ पत्रकार सूरज मिर्जा की प्रस्तुतियों ने लोगों को प्रभावित किया। मगही कलाकार गौतम पराशर, सुधाकर राजेंद्र और नंदकिशोर ने लोकगीतों के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की झलक पेश की। वहीं, कराटे विद्यालय की प्रमुख अणुशक्ति सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर कद्दू पर तलवार चलाने का प्रदर्शन किया। शायरों ने अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को साहित्यिक रंग दिया।
संस्था के निदेशक राज किशोर कुमार ने अतिथियों और सहयोगियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार राणा वीरेंद्र सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर भूषण कुमार सिंह ने किया।
निजामुद्दीनपुर में खुला शाखा कार्यालय
कार्यक्रम के बाद काको रोड स्थित निजामुद्दीनपुर के सागर भवन में ‘नई सृष्टि’ के शाखा कार्यालय का उद्घाटन किया गया। मौके पर कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






