बेतिया, पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में दो वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। बुधवार से लापता बच्ची का शव गुरुवार देर शाम एक महिला के घर की छत से बरामद किया गया। मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या-5 निवासी हसीब खान की दो वर्षीय बेटी अनाया खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में आक्रोश है।
बुधवार को घर के बाहर खेलते समय हुई लापता
जानकारी के अनुसार, बुधवार को अनाया अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। बच्ची के काफी देर तक नहीं मिलने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने मझौलिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को ले जाती दिखी महिला
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक फुटेज में महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती दिखाई दी। परिजनों के अनुसार, महिला की पहचान मझौलिया गांव निवासी अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ सुमी खातून के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने महिला, उसकी मां और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
महिला के घर की छत से बरामद हुआ शव
गुरुवार देर शाम सबीना उर्फ सुमी खातून के घर की छत से अनाया का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजीत कुमार और मझौलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि बच्ची के लापता होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की पड़ताल के दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बच्ची का शव महिला के घर की छत पर किन परिस्थितियों में पहुंचा।






