सहरसा। महिषी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित ग्रामीण इलाकों में आवागमन की समस्या को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव से उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर पुल निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि महिषी प्रखंड की बधवा और वीरगांव पंचायत के कई गांव बलान नदी और बाढ़ की समस्या से प्रभावित रहते हैं। पुल नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की ओर से संबंधित विभाग को पहले भी आवेदन दिया गया, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के बाद सांसद से हस्तक्षेप की मांग की गई।
ग्रामीणों की मांग पर सांसद दिनेश चंद्र यादव ने मंत्री को भेजे पत्र में बधवा पंचायत के बधवा फोरसाही से 17 नंबर रोड की ओर जाने वाली सड़क के बीच उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग की है। इसके साथ ही वीरगांव पंचायत के अमाही मोहनपुर से पश्चिमी तटबंध की ओर जाने वाली सड़क पर बलान नदी के ऊपर भी उच्चस्तरीय पुल बनाने का आग्रह किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पुलों के निर्माण से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सालभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के अस्पताल पहुंचने, किसानों के कृषि कार्य, व्यापार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों में भी सहूलियत होगी।
सांसद ने अपने पत्र में ग्रामीणों की मांग को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने और पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। अब ग्रामीणों की नजर सरकार की ओर से होने वाली कार्रवाई पर है।






