सहरसा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 31 स्थित नलकूप रोड, पूरब बाजार के शनि धाम मंदिर में शनिवार को मंदिर कमेटी की ओर से नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा को सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त मंदिर परिसर में लगाए जा रहे झूमर लाइट का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों ने उन्हें पाग एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
मंदिर के संरक्षक सह पूर्व प्राचार्य विनय पासवान ने नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा को पाग पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, कमेटी के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान उपमहापौर गुड्डू हयात को संयुक्त सचिव प्रिंस झा ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा वार्ड 17 के निगम पार्षद राजेश कुमार सिंह, वार्ड 27 के पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अकबर और वार्ड 29 के पार्षद दीपक कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया। जिला परिषद प्रतिनिधि सह मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रजनीश कुमार ने सभी को सम्मानित किया।
मंदिर कमेटी के सचिव सह स्थानीय निगम पार्षद आशीष रंजन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में मंदिर परिसर में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं और कमेटी के सदस्यों ने नगर आयुक्त के सामने मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। इसके साथ ही मंदिर के बगल में खाली पड़े स्थान पर पार्क निर्माण कराने की भी मांग की गई।
श्रद्धालुओं का कहना था कि मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण और आसपास पार्क का निर्माण होने से यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। मांगों को सुनने के बाद नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में उमेश साह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, ठाकुर जी, शंकर ठाकुर, सत्यनारायण भगत, अनिल कुमार, अंजू देवी, रिमझिम देवी, वेदमती देवी, दीपक कुमार, संजय शर्मा सहित मंदिर कमेटी के सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।







