
पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतीपुर इलाके में शनिवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गैराज संचालक अंजनी रंजन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अंजनी रंजन को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पास से की गई फायरिंग
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजनी रंजन शनिवार रात अपनी वर्कशॉप बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से 3 से 4 गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद अंजनी रंजन गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
सिर में लगी गंभीर चोट
गोलीबारी की घटना के बाद आसपास के लोग और अन्य दुकानदार तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल अंजनी रंजन को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों ने इलाज की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटनास्थल से मिले 3 खोखे
घटना की जानकारी देते हुए पटना ईस्ट की सिटी एसपी शैलजा दास ने बताया कि पीड़ित को 3 से 4 गोलियां लगने की जानकारी मिली है। घटनास्थल से पुलिस ने 3 खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला करने के लिए बाइक पर दो लोग आए थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





