बारिश में बेकाबू हुआ गिट्टी लदा ट्रक, फोरलेन की रेलिंग से टकराया; इंजन हवा में लटका


भागलपुर में अहले सुबह बारिश के दौरान एक तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। मुंगेर से मिर्जाचौकी जाने वाले फोरलेन पर सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर स्थित बाबा चौक के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन वाला हिस्सा रेलिंग के ऊपर हवा में लटक गया। हादसे का यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

बताया जा रहा है कि ट्रक गिट्टी लोड कर भागलपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान बारिश हो रही थी और सड़क पर फिसलन थी। बाबा चौक के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में रेलिंग से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा रेलिंग में फंस गया और इंजन वाला हिस्सा हवा में झूलता नजर आया।

Sponsored Advertisement

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक और खलासी की स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में चालक को चोट लगी है। वहीं, पुलिस के अनुसार चालक और खलासी सुरक्षित हैं। घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। ट्रक का अगला हिस्सा रेलिंग में फंसे होने के कारण उसे हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती तौर पर बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रक कहां से चला था और हादसा किस परिस्थिति में हुआ। फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Related Posts

बांका में लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल, 6 अज्ञात के खिलाफ FIR; मंदार पर्वत का बताया जा रहा वीडियो

बांका में लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल, 6 अज्ञात के खिलाफ FIR; मंदार पर्वत का बताया जा रहा वीडियो

राजनीति के मंच से मनोरंजन की दुनिया तक, तेज प्रताप और शहजाद पूनावाला की जुगलबंदी

राजनीति के मंच से मनोरंजन की दुनिया तक, तेज प्रताप और शहजाद पूनावाला की जुगलबंदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *