प्रदेश में भीषण गर्मी जारी है। पछुआ की तेज गति ने लोगों का चेहरा झूलसाना शुरू कर दिया है। सुबह आठ बजे से ही वातावरण में लू की लहर तेज हो जा रही है, जो सूर्यास्त के बाद भी अपना अहसास करा रही है। इस तरह की स्थिति आगे भी बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को प्रदेश पश्चिमी भाग में लू चलने का पूर्वानुमान है। शनिवार को बांका राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी में अधिकतम 41.6 तो न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी की हवा में आद्र्रता महज 29 प्रतिशत दर्ज की गई। 

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि पटना समेत बक्सर, कैमूर, भोजपुर, नवादा, शेखपुरा, औरंगाबाद, गया, जमुई, भागलपुर, बांका, रोहतास सहित आसपास के जिलों में रविवार को लू चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञानियों का कहना है पश्चिम से आने वाली गर्म हवा के कारण प्रदेश का वातावरण गर्म हो जा रहा है। ऐसे में लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। 

सुबह आठ बजे ही तेज हो जा रही पछुआ 

आजकल राजधानी में सुबह आठ बजे ही पछुआ की गति तेज हो जा रही है। गर्म हवा की चपेट में आने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शनिवार को तो राजधानी में दोपहर बारह बजे गर्मी इतना ज्यादा बढ़ गई की लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया। घर से बाहर निकलने पर लगता था कि चेहरा जल जाएगा। गर्मी से लोगों को घर में भी राहत नहीं मिल रही थी। घरों में लगे पंखे आग उगल रहे थे। कूलर से भी कोई ज्यादा राहत नहीं मिल रही थी। सूर्यास्त के बाद भी राजधानी की हवा में गर्मी बनी हुई थी। रात आठ बजे के बाद ही लहर से लोगों को थोड़ी राहत मिली। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *