धनबाद। जिले के भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और फायरिंग के आरोपियों के बीच एनकाउंटर हुआ। एनकाउंटर के दौरान दो शूटरों को गोली लगी। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, धनबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि भूली मोड़ गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी जवाबी कार्रवाई के दौरान एनकाउंटर में दो अपराधियों को गोली लगी। पुलिस ने मौके से कुल चार आरोपियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
एनकाउंटर में घायल आरोपियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चंदन ठाकुर भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग में मुख्य शूटर था। वहीं, प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था। पुलिस का दावा है कि वारदात के दौरान आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग की थी।
एनकाउंटर के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी। दूसरे घायल आरोपी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है। दोनों की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए गोलीकांड में शामिल अन्य लोगों, हथियारों की उपलब्धता और पूरे आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।






