नवगछिया। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 209.3 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तेतरी गांव स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर स्मैक के अलावा कोडीन युक्त कफ सीरप, नशीली गोलियां, नकद रुपये सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सोइम रजा ने नवगछिया थाना में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 22 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में एक किराये के मकान से स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर मकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मकान के प्रथम तल पर बने अंतिम कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के समेली निवासी राहुल कुमार और नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी निवासी नितिन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों के पास से 209.3 ग्राम स्मैक, 100-100 एमएल की चार बोतल कोडीन युक्त कफ सीरप, नशीली दवाओं की 280 गोलियां, 70,125 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन और दो सोने की चेन बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे तेतरी निवासी सोनू कुमार और नवगछिया निवासी मोनू कुमार से स्मैक लाकर उसकी बिक्री करते थे। पुलिस ने मामले में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बरामद सामान और आरोपितों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






