कर्मा-धर्मा पर्व पर मातम: मरगंग में नहाने गई 10 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत

भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड से कर्मा-धर्मा पर्व के दौरान दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गोविंदपुर-मोहनपुर स्थित मरगंग में नहाने गई 10 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में शोक का माहौल है।

 

Sponsored Advertisement

बताया गया कि पूजा करीब 10 बच्चों की टोली के साथ कर्मा-धर्मा पर्व के दौरान मरगंग में नहाने गई थी। इसी दौरान वह पानी की तेज धार की चपेट में आ गई और गहरे पानी में डूब गई। पूजा के डूबने के बाद उसके साथ गए बच्चे घबराकर गांव की ओर दौड़े और घटना की जानकारी देते हुए शोर मचाया।

 

बच्चों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पूजा के शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि कुंदन यादव ने अंचलाधिकारी और पीरपैंती थाना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही बीडीओ अभिमन्यु कुमार और पीरपैंती थाना प्रभारी पंकज राउत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, पूजा स्थानीय विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता विकास मंडल मजदूरी करते हैं और वर्तमान में बेंगलुरु में हैं। पूजा चार बहनों और एक भाई में शामिल थी। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पर्व के मौके पर हुई इस घटना से पूरे गांव में गम का माहौल है। जिस मरगंग के किनारे पर्व के दौरान बच्चों और ग्रामीणों में उत्साह था, वहीं एक बच्ची की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।

Related Posts

समस्तीपुर के कब्रिस्तान में मिले 3 संदिग्ध जिंदा बम, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

समस्तीपुर के कब्रिस्तान में मिले 3 संदिग्ध जिंदा बम, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

सिवान में रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कब्जे का आरोप, रक्षा मंत्री तक पहुंचा मामला

सिवान में रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कब्जे का आरोप, रक्षा मंत्री तक पहुंचा मामला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *