पलामू: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने करमा चराई रोड, पथलगढ़ा के समीप छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक की पहचान बिहार के गया जिले के डुमरिया निवासी करीब 36 वर्षीय रंजन रजक के रूप में हुई।
मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी में दो काले प्लास्टिक में 2.660 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। रंजन की निशानदेही पर पुलिस ने छतरपुर के मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद के घर तलाशी ली, जहां एक कमरे से 7 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों जगहों से कुल 9.660 किलोग्राम अफीम जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 के तहत NDPS Act की धारा 18(b), 25 और 29 में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अफीम के स्रोत, गंतव्य और इस कारोबार में जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
जब्त सामान: 9.660 किलोग्राम अफीम, मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू





