गढ़वा/श्री बंशीधर नगर। राधा अष्टमी के अवसर पर श्री बंशीधर कन्हैया जन सेवा संस्थान की ओर से श्री बंशीधर मंदिर में भव्य दधीकादो उत्सव एवं महाभंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन संस्थान के संरक्षक कन्हैया चौबे ने अपने पोते माधव के सतईसा के उपलक्ष्य में कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
उत्सव की शुरुआत विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राधावंशीधर युगल सरकार की विशेष पूजा-अर्चना और आरती से हुई। मंदिर के पुजारियों एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से श्री बंशीधर जी की पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्री कृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में रेणुकूट से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक उदय मिश्र और उनकी टीम ने हरि कीर्तन प्रस्तुत किया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। हरि कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पारंपरिक दधीकादो उत्सव भी मनाया गया। दधीकादो उत्सव भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी धार्मिक परंपरा है। इसके बाद आयोजित महाभंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। संस्थान के सेवादारों ने श्रद्धालुओं के बीच पूरी निष्ठा के साथ प्रसाद का वितरण किया।
कार्यक्रम में प्रधान पुजारी चंद्रशेखर तिवारी, आचार्य सत्यनारायण मिश्र, श्रीकांत मिश्र, विधायक अनंत प्रताप देव, डीसी पशुपतिनाथ मिश्र, एसपी आशुतोष शेखर, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी, डॉ. यासीन अंसारी, डॉ. शशिकांत शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनके अलावा कामेश्वर प्रसाद, विनय चौबे, रंजन चौबे, प्रमोद चौबे, अलखनाथ पांडेय, शिवधारी राम, रघुराज पांडेय, लक्ष्मण राम, शैलेश चौबे, ओमप्रकाश गुप्ता, कुमार कनिष्क, शिवकुमार पांडेय, प्रमोद सिंह, अवध बिहारी गुप्ता, इंद्रमणि जायसवाल, मंटू पांडेय, वीरेंद्र प्रसाद कमलापुरी, सुजीत लाल अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।






