
नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर आधी रात जमकर बवाल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दर्जनों लोग JCB, टेम्पो और बाइक लेकर पहुंचे। इसके बाद लोहे का गेट तोड़ने के साथ करीब 9 फीट ऊंची चारदीवारी को JCB से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान मौके पर रखी मशीनों और अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इस मामले में पीड़ित सुंदर लाल राय, गौतम कुमार और रोशन पोद्दार ने खरीक थाने में लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के मुताबिक, 27 नवंबर की रात करीब 12 बजे आधा दर्जन नामजद और लगभग 10 अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर जमीन पर पहुंचे थे। आरोप है कि लोगों ने पहले लोहे का गेट तोड़ा और फिर JCB की मदद से चारदीवारी को गिरा दिया। मौके पर रखी मिक्सर मशीन समेत अन्य सामानों को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।
पीड़ितों ने उमेश राय पर राइफल से फायरिंग करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए पीड़ितों ने दावा किया है कि विवादित जमीन को लेकर एसडीएम नवगछिया की अदालत ने 30 अक्टूबर 2026 को उनके पक्ष में आदेश जारी किया था। इसके बावजूद आधी रात JCB लेकर पहुंचकर तोड़फोड़ और कब्जे की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ितों ने एसपी नवगछिया और खरीक थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में खरीक थाना प्रभारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करती है और फायरिंग समेत लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच में क्या सामने आता है।





