
पूर्व सांसद आनंद मोहन और मोकामा विधायक अनंत सिंह की जेल वापसी को लेकर बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच जेडीयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने अपने चिर-परिचित अंदाज में दोनों नेताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने को नियमानुसार कोर्ट का फैसला बताया, वहीं अनंत सिंह को फाइटर आदमी करार दिया।
गोपाल मंडल ने कहा कि आनंद मोहन की रिहाई अदालत के आदेश के बाद रद्द हुई है। उन्हें पहले जमानत मिली थी, लेकिन अब दोबारा जमानत लेनी होगी। उन्होंने कहा कि आईएएस अधिकारी की हत्या के मामले में आनंद मोहन फंसे हुए थे। आईएएस अधिकारी की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी। उसी के आधार पर अदालत ने रिहाई रद्द करने का फैसला सुनाया। गोपाल मंडल ने कहा कि आनंद मोहन का जेल जाना तय है।
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने नियम-कानून में बदलाव कर आनंद मोहन को जेल से बाहर निकलने का रास्ता दिया था, लेकिन अब कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें फिर जेल जाना पड़ सकता है।
वहीं, अनंत सिंह की जमानत रद्द होने और उनकी जेल वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर गोपाल मंडल ने कहा कि अनंत सिंह फाइटर आदमी हैं। वह जेल जाने से डरते नहीं हैं। उनकी जमानत हुई थी, अब दोबारा जमानत कराएंगे। अनंत सिंह की विधायकी खत्म होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि विधायक किसी सरकार ने नहीं, बल्कि जनता ने बनाया है। ऐसे में उनकी विधायकी कौन खत्म कर देगा।
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी गोपाल मंडल ने खुलकर बात रखी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह खुले आसमान में तैर रहे हैं। पूरा हिंदुस्तान उन्हें जानता है और जहां से चाहेंगे, चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस में अपने बेटे को भेज दिया है, लेकिन खुद अभी इंतजार कर रहे हैं।
जेडीयू में वापसी के सवाल पर गोपाल मंडल ने साफ कहा कि वह कभी जेडीयू में नहीं जाएंगे। उन्होंने तल्ख अंदाज में सवाल किया, “नीतीश कुमार क्या हमारे आका हैं?” उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।





