भागलपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए भागलपुर से एक बड़ी और रोमांचक खबर सामने आई है। अब शहर में भी आईपीएल की तर्ज पर टेनिस T-20 क्रिकेट का महासंग्राम देखने को मिलेगा। बिहार डोमिनेंस सीजन-1 क्रिकेट टूर्नामेंट, प्रेजेंटेड बाय ग्रो करो, का आगाज 26 दिसंबर से होने जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महोत्सव का फाइनल मुकाबला 31 दिसंबर को खेला जाएगा। हालांकि, टूर्नामेंट के आयोजन स्थल की घोषणा अभी नहीं की गई है।
लाजपत पार्क के समीप एक निजी परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ग्रो करो के निदेशक प्रशांत कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में बिहार के विभिन्न जिलों की कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, वहीं दर्शकों को चौके-छक्कों और शानदार क्रिकेट का भरपूर आनंद मिलेगा।
टूर्नामेंट को आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों की ओर से लाखों रुपये के पुरस्कारों की घोषणा भी की गई है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को तीन लाख रुपये, उपविजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज बनने वाले खिलाड़ी को बाइक और मैन ऑफ द मैच को एलईडी टीवी देकर सम्मानित किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी सह सचिव मनीष दास ने बताया कि टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए आकाश, आनंद, सौरभ श्रीवास्तव, समार्जिन आदित्य और कुणाल पियूष को कोर कमेटी में शामिल किया गया है।
इस मौके पर खिलाड़ियों का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया। साथ ही स्टेट और नेशनल लेवल के क्रिकेट टूर्नामेंट में कमेंट्री कर चुके सुधांशु कुमार को सम्मानित किया गया।
आयोजकों का कहना है कि बिहार डोमिनेंस सीजन-1 केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बिहार के खेल जगत में नई ऊर्जा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने का एक बड़ा मंच साबित होगा। अब क्रिकेट प्रेमियों को 26 दिसंबर का इंतजार है, जब भागलपुर में क्रिकेट का रोमांच शुरू होगा।






