जामताड़ा। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से जामताड़ा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में नगर के पुराने कोर्ट परिसर स्थित संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों की रक्षा करने तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।
मौके पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि 26 नवंबर का दिन देश के लिए गौरव का विषय है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान की गरिमा और उसके मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा की ओर से जिले के सभी मंडलों में संविधान गौरव दिवस मनाया जा रहा है।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि संविधान गौरव दिवस भारतीय लोकतंत्र की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों को याद करने का अवसर है। बाबा साहब अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए सभी को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान में सबसे अधिक संशोधन किए, जबकि भाजपा संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा और गौर बाउरी ने भी बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए संविधान के सम्मान और संरक्षण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, राजेंद्र राउत, देवेंदु नायक, रातू दास, विनोद चौबे, कृष्णेंदु नायक, सुदर्शन कुमार, मिथुन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






