30 दिन बाद भी मां और दो मासूम बच्चों का सुराग नहीं, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप; सोशल मीडिया पर आरोपी की खुली चुनौती!

गोपालगंज। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के बढ़ेया गांव से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। घटना के करीब एक महीने बाद भी महिला और दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पीड़ित परिवार ने गोपालगंज एसपी को आवेदन देकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 

Sponsored Advertisement

इलाज कराने के बहाने मायके गई थी महिला

 

मिली जानकारी के अनुसार, भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी दल बहादुर पटेल के छोटे बेटे सुमित पटेल की शादी मीरगंज थाना क्षेत्र के बढ़ेया गांव निवासी बिरबल पटेल की पुत्री पवित्रा कुमारी उर्फ जोनी से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आलोक कुमार सात वर्ष और छोटा बेटा लक्की तीन वर्ष का है। सुमित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम में बस चालक हैं।

 

परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को पवित्रा इलाज कराने की बात कहकर अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गई थी। इसके बाद वह बच्चों समेत लापता हो गई।

 

कई लोगों पर साजिश में शामिल होने का आरोप

 

दल बहादुर पटेल का आरोप है कि बढ़ेया गांव निवासी गणेश पांडेय के पुत्र नीरज पांडेय ने साजिश के तहत उनकी पुत्रवधू और दोनों पोतों को अगवा किया है। उन्होंने महिला के माता-पिता और बहनोई पर भी इस मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चिंता

 

परिजनों का दावा है कि आरोपित मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा नहीं करने पर दोनों बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि मुख्य आरोपित महिला के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस को चुनौती दे रहा है।

 

सुमित पटेल के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज है और मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अनिमा राणा कर रही हैं। अब पीड़ित परिवार ने वरीय पुलिस अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर महिला और दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

रिपोर्ट: कुमार प्रदीप, गोपालगंज।

Related Posts

धनबाद में भू-माफियाओं की कोशिश पर प्रशासन का शिकंजा, झारखंड मोड़ के पास 1.26 एकड़ सरकारी जमीन पर लगा चेतावनी बोर्ड

धनबाद जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिशों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में झारखंड मोड़ के समीप स्थित 1.26…

धनबाद में अतिक्रमण हटाओ अभियान से उजड़े 30 दुकानदारों के आशियाने, रोजी-रोटी पर संकट; बोले- पहले पुनर्वास करे प्रशासन

धनबाद जिले के श्रमिक चौक इलाके में रेलवे की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *