सहरसा शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का मंगलवार को बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. रामचन्द्र प्रसाद ने विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि पार्क के शुरू होने से सहरसा के बच्चों को मनोरंजन और खेलने-कूदने के लिए एक बहुत ही उत्तम स्थान मिल गया है। यहां बच्चे अपने परिवार के साथ आकर बेहतर समय बिता सकेंगे।
पार्क को विशेष रूप से बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां आकर्षक स्टैचू, तरह-तरह के झूले और बेबी केयर सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पार्क को प्लास्टिक एवं पॉलीथीन मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है।
वहीं कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने मंत्री के सामने सहरसा जिले के आरण (Aran) गांव का मुद्दा भी उठाया। पत्रकारों ने सवाल किया कि सत्तर कटैया प्रखंड के अंतर्गत आने वाला आरण गांव बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौजूदगी के कारण पूरे बिहार में ‘मोर ग्राम’ या ‘मयूर विहार’ के नाम से प्रसिद्ध है। ऐसे महत्वपूर्ण गांव के संरक्षण, विकास और पहचान को आगे बढ़ाने के लिए सरकार क्या कदम उठाएगी?
इस सवाल पर मंत्री डॉ. रामचन्द्र प्रसाद ने आरण गांव के लिए भी आगे काम करने की बात कही। उनके इस आश्वासन के बाद अब लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, देखने वाली बात यह होगी कि मोर ग्राम आरण को बेहतर भविष्य देने और वहां राष्ट्रीय पक्षी मोर के संरक्षण के लिए सरकार की ओर से कब ठोस पहल की जाती है।
इस अवसर पर बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सादा सहित भाजपा के कई नेता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






