सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध नकुलेश्वर महादेव मंदिर, नाकुच गमरहो में मंगलवार को 31वें विशाल वार्षिक शिव गुरु परिचर्चा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिव शिष्य एवं शिव शिष्याएं शामिल हुए।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए शिव शिष्य भाई परमेश्वर ने कहा कि भगवान शिव को गुरु के रूप में स्वीकार करने वाले लोगों को उनके प्रति आस्था रखनी चाहिए, अंधविश्वास नहीं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की शिष्यता ग्रहण करने वालों की संपूर्ण जवाबदेही स्वयं शिव लेते हैं। पूजा-पाठ, जप-तप और नियमों से अलग शिव की शिष्यता का मार्ग आध्यात्मिक चेतना और गुरु की दया से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि जीवन में कर्म करने के बावजूद जब मनवांछित फल नहीं मिलता, तब गुरु की कृपा व्यक्ति को संबल प्रदान करती है। अकड़ और अहंकार गुरु की दया के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा हैं। गुरु के प्रति विनम्रता, समाज के प्रति समर्पण और लौकिक महत्वाकांक्षाओं का त्याग आवश्यक है। उन्होंने शिव शिष्यता के पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रकाश डालते हुए गुरु आदेशित कार्य करने, शिव शिष्यता को प्राथमिकता देने और स्वयं को भगवान शिव का अनुचर बनाने की बात कही।
भाई परमेश्वर ने बताया कि वर्ष 1999 में साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी ने इसी नकुलेश्वर महादेव मंदिर में धैर्य और विचार के महत्व को लेकर संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि शिव शिष्यता में जाति, धर्म, लिंग और संप्रदाय का कोई भेदभाव नहीं है। यह पूजा-पाठ से अलग आध्यात्मिक मार्ग है, जिसमें भगवान शिव गुरु के रूप में अपने शिष्यों को पूर्ण ज्ञान की ओर ले जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व राजनपुर से बधवा जाने वाली सड़क की साफ-सफाई भी की गई। वहीं निःशुल्क चिकित्सा शिविर में डॉ. रामविलास साह ने लोगों का उपचार कर मुफ्त दवाइयां वितरित कीं। इस अवसर पर नशा छोड़ो, जीवन बचाओ अभियान की भी सराहना की गई।
मौके पर मधुबनी, दरभंगा, बेगूसराय, खगड़िया, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, समस्तीपुर और सहरसा सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे शिव शिष्यों ने परिचर्चा में भाग लिया। कार्यक्रम में नारायण झा, अंजनी ठाकुर, राजकुमार, जटेश्वर राय, सिकन्दर सिंह, मोहन मिश्र, सत्यम जी, ओमी राम, शशी यादव, विनय राय, चंदन मुखिया सहित बड़ी संख्या में गुरु भाई एवं गुरु बहन उपस्थित रहे।





