लोक आस्था का महापर्व छठ सहरसा मंडल कारा में भी पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जेल की चारदीवारी के भीतर भी छठी मैया के प्रति आस्था की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। इस वर्ष मंडल कारा में कुल 31 बंदियों ने छठ महापर्व का व्रत किया। इनमें 16 महिला और 15 पुरुष बंदी शामिल हैं। व्रतियों की सुविधा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए।
जेल अधीक्षक निरंजन कुमार पंडित ने बताया कि छठ व्रत करने वाले सभी बंदियों को जेल प्रशासन की ओर से पूजा की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें सूप, साड़ी, नारियल, केला सहित अन्य पूजन सामग्री शामिल हैं। प्रशासन का प्रयास रहा कि जेल में रह रहे बंदियों को भी छठ महापर्व मनाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
उन्होंने बताया कि व्रतियों की सुविधा को देखते हुए महिला और पुरुष बंदियों के लिए अलग-अलग छठ घाटों का निर्माण कराया गया है। इन घाटों पर व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की।
जेल अधीक्षक के अनुसार, सभी 31 बंदियों ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ महापर्व मनाया। रविवार की संध्या को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
मंडल कारा में छठ पूजा के आयोजन से बंदियों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर मिला। जेल प्रशासन की इस पहल से बंदियों के बीच भी पर्व को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।






