गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक युवक को सांप ने डंस लिया तो वह जिंदा सांप को ही पकड़कर करीब 25 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंच गया। युवक के हाथ में जिंदा सांप देखकर सदर अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी हैरान रह गए। इमरजेंसी वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए युवक का इलाज शुरू किया, जिसके बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दरअसल, यह पूरा मामला गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा बाजार का है। जहां रहने वाले शकील अंसारी एक गोदाम में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ यह घटना हुई।
जानकारी के मुताबिक, शकील अंसारी गोदाम में रखे सामान को व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान जब वह वहां रखे बोरों को हटा रहे थे, तभी अंदर छिपे एक जहरीले सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। अचानक हुई इस घटना से युवक घबरा गया, लेकिन इसके बाद उसने सांप को ही पकड़ लिया।
हैरानी की बात यह रही कि युवक सांप को हाथ में लेकर करीब 25 किलोमीटर का सफर तय करते हुए सीधे गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल पहुंचते ही जब डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की नजर युवक के हाथ में मौजूद जिंदा सांप पर पड़ी, तो सभी चौंक गए।
इसके बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए युवक को सांप से अलग किया और तत्काल उसका इलाज शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से युवक की जान बच गई और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हालांकि, इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। लेकिन इस तरह सांप को पकड़कर अस्पताल ले जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।
सांप काटने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें। तुरंत अस्पताल पहुंचें और सुरक्षित दूरी से सांप की पहचान बताने की कोशिश करें।






