दरभंगा: बिहार के दरभंगा में सर्राफा कारोबारी से हुई एक करोड़ 39 लाख रुपये की चांदी लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने बीजेपी नेता विशाल महासेठ उर्फ निक्की समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 62 किलो 195 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट बरामद किए गए हैं। बरामद चांदी की कीमत करीब एक करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, सिमरी थाना क्षेत्र के शोभन-एकमी रोड पर पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी को बदमाशों ने हथियार के बल पर निशाना बनाया था। इस दौरान अपराधियों ने कारोबारी के वाहन को रोककर फायरिंग की, जिसमें चालक को गोली लग गई थी। इसके बाद बदमाश चांदी के बिस्कुट, नकदी से भरा बैग और बोरा लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लूटकांड की साजिश दरभंगा के रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट में रची गई थी। इस साजिश में बीजेपी दक्षिणी मंडल के महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ निक्की की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, निक्की ने कारोबारी के वाहन की लोकेशन अपराधियों को उपलब्ध कराई थी।
दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने प्रेसवार्ता में बताया कि 7 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे अपराधी शोभन चौक के पास जुटे थे। इसके बाद दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच बदमाशों ने कारोबारी के वाहन का पीछा किया और एम्स मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले सुनसान जगह पर उसे रोककर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कैदराबाद निवासी छोटू कुमार यादव के घर छापेमारी की। उसकी निशानदेही पर ड्रेसिंग टेबल के ड्रॉअर में छिपाकर रखे 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में छोटू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के अलावा नकदी, मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किए हैं। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। इस मामले में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।





