नालंदा में भूसे की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा, मिनी ट्रक से 3200 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; चालक गिरफ्तार

नालंदा: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नालंदा से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 3200 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की एक बड़ी खेप बिहार शरीफ के रास्ते पटना ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने बिहार शरीफ स्थित डीटीओ कार्यालय के समीप एनएच-20 पर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

Sponsored Advertisement

इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। पहली नजर में ट्रक के ऊपर भूसे की 40 बोरियां लदी हुई दिखाई दीं। लेकिन जब टीम ने भूसे की बोरियों को हटाकर जांच की, तो अंदर शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान कुल 395 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद किए गए, जिनमें करीब 3200 लीटर शराब थी।

पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए तस्करों ने शराब को भूसे की बोरियों के नीचे छिपाया था। गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि मद्य निषेध विभाग और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से मिली सूचना के आधार पर यह संयुक्त छापेमारी की गई थी। फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके निर्देश पर लाई जा रही थी और इसे पटना में किस व्यक्ति तक पहुंचाना था।

मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Posts

दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूट का खुलासा, बीजेपी नेता समेत पांच गिरफ्तार; 62 किलो से अधिक चांदी बरामद

दरभंगा में 1.39 करोड़ की चांदी लूट का खुलासा, बीजेपी नेता समेत पांच गिरफ्तार; 62 किलो से अधिक चांदी बरामद

पटना में घर में घुसकर ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, दो अपराधियों ने दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गोली

पटना में घर में घुसकर ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, दो अपराधियों ने दरवाजा खुलवाकर सिर में मारी गोली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *