पटना: बिहार की राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य संरक्षा इकाई की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में फल और सब्जियों की सात दुकानों की जांच की गई। इस दौरान पांच प्रतिष्ठानों में खाद्य अनुज्ञप्ति यानी फूड लाइसेंस नहीं पाया गया। वहीं, दो अन्य विक्रेताओं को वैध फूड लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, 9 नवंबर को आयकर गोलंबर, बोरिंग रोड चौराहा और कदमकुआं इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान फल और सब्जियों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच के दौरान आयकर गोलंबर स्थित जगदंबा फल दुकान से केले का नमूना लिया गया। वहीं, बोरिंग रोड चौराहा स्थित फिरोज फ्रूट शॉप से सेब और दिलीप फ्रूट बास्केट से केले का नमूना लिया गया। इन तीनों दुकानों में फूड लाइसेंस नहीं मिला।
इसके अलावा आयकर गोलंबर की मां अंबिका फ्रूट्स शॉप से सेब और आयकर चौराहा स्थित गुप्ता जी फल दुकान से शरीफा का नमूना लिया गया। इन दोनों प्रतिष्ठानों में भी खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई।
वहीं, कदमकुआं इलाके में रामजी साव की दुकान से लाल और सफेद आलू के नमूने लिए गए। दुकानदार को वैध फूड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा तुमनी देवी की दुकान से सेब का नमूना लिया गया और 14 दिनों के भीतर वैध फूड लाइसेंस बनवाने को कहा गया।
विभाग की इस कार्रवाई में फल और सब्जियों के नमूने लेने के साथ ही खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों के पालन की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे में खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।






