पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाया। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली दीपावली रही। इस खास मौके पर उन्होंने पटना स्थित लोक सेवक आवास में अपने परिवार के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इस दौरान उनके पिता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर अपने आवास को दीयों से सजाया। उन्होंने परिवार के साथ पूजा की और रंगोली बनाकर दीपोत्सव का उत्सव मनाया। इस मौके पर उनकी पत्नी ममता कुमारी, बेटी चारू प्रिया और बेटे प्रणय चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दीपावली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर सपरिवार लोक सेवक आवास पर दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और रंगोली बनाकर त्योहार की खुशियां मनाईं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दीपों का यह पावन पर्व बिहार सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
दिन में महादलित बस्ती में मनाई दिवाली
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के दिन पटना की एक महादलित बस्ती में भी पहुंचकर लोगों के साथ त्योहार मनाया। उन्होंने वहां के लोगों के बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं और उन्हें सौगात भी दी। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि वे दलित, आदिवासी और अति पिछड़ा समाज के लोगों के बीच जाकर त्योहार मनाएं, ताकि समाज के हर वर्ग तक खुशियों का संदेश पहुंचे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली दीपावली
गौरतलब है कि इसी साल सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है। ऐसे में मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली दीपावली है। इससे पहले पिछले साल दीपावली के समय वह बिहार के उपमुख्यमंत्री थे। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने परिवार के साथ लोक सेवक आवास में दीपोत्सव मनाया।






