गया: बिहार के गया में दीपावली के मौके पर पटाखा बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। इस बार लोगों ने जमकर पटाखों की खरीदारी की है। बाजार में 50 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक के पटाखे उपलब्ध हैं। कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस से लेकर तीन दिनों के भीतर करीब 3 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हो चुकी है। इस बार पिछले साल की तुलना में कारोबार भी बेहतर रहा है।
गया के पटाखा बाजार में फुलझड़ी, अनार, चटाई बम, घिरनी, चरखी, कड़क बीम और सुतली बम समेत कई तरह के पटाखों की मांग रही। वहीं, रंग-बिरंगे स्काई पटाखे लोगों के खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनमें खिलाड़ियों की तस्वीर वाले पटाखों की भी खूब बिक्री हो रही है।
वैभव सूर्यवंशी वाले पटाखों की सबसे ज्यादा मांग
इस बार पटाखा बाजार में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम वाले पटाखे भी उपलब्ध हैं। हालांकि, खिलाड़ियों की तस्वीर वाले स्काई पटाखों में बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तस्वीर वाले पटाखे सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। थोक कारोबारी विकास कुमार के मुताबिक, उनके यहां 250 से लेकर 350 शॉट तक के स्काई पटाखे उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 7 हजार से 15 हजार रुपये तक है। वहीं, 500 शॉट वाले स्काई पटाखे की कीमत 25 हजार रुपये तक है।
गांधी मैदान में सजा पटाखों का बाजार
इस बार जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर के बड़े पटाखा थोक विक्रेताओं की दुकानों को गांधी मैदान में शिफ्ट कराया गया। यहां पटाखों का बड़ा बाजार सजा है, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों से पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारी रेखा प्रजापति ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री बढ़ी है। ग्राहक दो हजार रुपये से कम की खरीदारी नहीं कर रहे हैं।
वहीं, व्यापारी मो. चांद के अनुसार, इस बार ग्रीन पटाखों की मांग अधिक है। सरकारी गाइडलाइन के तहत पटाखों की बिक्री की जा रही है। गांधी मैदान में पर्याप्त जगह मिलने से लोगों को खरीदारी में सुविधा हो रही है। कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर पटाखों की बिक्री पिछले साल के मुकाबले काफी बेहतर रहेगी।






