भागलपुर में काली प्रतिमा विसर्जन की आगामी काली पूजा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर भागलपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और उपमहापौर सलाउद्दीन हसन ने नगर निगम के कर्मचारियों तथा केंद्रीय काली पूजा महासमिति की टीम के साथ मुसहरी घाट स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट पर बनाए जा रहे अस्थायी कृत्रिम तालाब का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुसहरी घाट पर पहले से ही एक पक्का तालाब मौजूद है, लेकिन भागलपुर में बड़ी संख्या में काली प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। ऐसे में प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ और प्रतिमाओं की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।
महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि विसर्जन से पहले अस्थायी कृत्रिम तालाब को पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा, ताकि प्रतिमाओं के विसर्जन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। नगर निगम का प्रयास है कि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संपन्न हो।
वहीं, केंद्रीय काली पूजा महासमिति के अध्यक्ष ब्रजेश साह ने बताया कि महासमिति की ओर से नगर आयुक्त से मुसहरी घाट पर एक और पक्का कृत्रिम तालाब बनाने की मांग की गई थी। इस पर नगर आयुक्त ने महापौर से बातचीत करने की सलाह दी थी। इसके बाद महापौर ने आश्वासन दिया है कि इस वर्ष काली प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने के बाद मुसहरी घाट पर एक और पक्का कृत्रिम तालाब का निर्माण कराया जाएगा।
इससे भविष्य में प्रतिमा विसर्जन के दौरान अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और नगर निगम को व्यवस्थाएं संभालने में भी सहूलियत होगी।






