
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी ने वार्ड पार्षदों के साथ विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के जेई और ठेकेदारों को छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति ने कृष्णगढ़ घाट, स्वामी गंगा घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट, नमामि गंगा घाट, मिर्जागांव गंगा घाट और अब्जुगंज गंगा घाट का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उपसभापति नीलम देवी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पूर्व सभी गंगा घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग, बैरिकेडिंग, घाटों का समतलीकरण और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया। जहां-जहां रास्ते टूटे हुए हैं, उन्हें छठ पूजा से पहले दुरुस्त कराने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद विनोद रजक, विभूति कुमार विकल्प, इजरायल, वार्ड प्रतिनिधि विपिन मंडल सहित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नगर परिषद की ओर से छठ पूजा को लेकर घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की कवायद की जा रही है।





